Gym

लत व्यायाम की भी बुरी, शरीर की उम्र दोगुनी तक बढ़ सकती है, जैसे इनकी बढ़ी!

टीम डायरी

लत कोई भी हो, बुरी ही होती है। भले वह व्यायाम की ही क्यों न हो। अधिक व्यायाम की लत से भी लोगों को कई तरह की परेशानियाँ उठानी पड़ सकती हैं। पड़ रही हैं। जैसे- उनकी उम्र की तुलना में शरीर की आयु दोगुनी तक बढ़ जाना। कैसे? इसके लिए चीन की एक युवती का यह उदाहरण देखिए। 

चीन के झेझियाँग प्रान्त की एक 23 साल की युवती हैं। उनका नाम सामने नहीं आया है, लेकिन कहानी सामने आ चुकी है। उन्होंने खुद बताई है। इसके मुताबिक, कुछ साल पहले तक वह खूब खाती-पीती थीं। इससे उनका वजन लगातार बढ़ता गया। एक समय उनका वजन 65 किलोग्राम से भी अधिक हो गया। तब उन्हें चिन्ता हुई। इसके बाद उन्होंने वजन घटाने के लिए व्यायाम शुरू किया। हफ्ते में छह दिन, रोज करीब सवा घण्टे। कुछ समय में ही उन्हें व्यायाम की लत हो गई। लेकिन तभी अचानक एक दिन उन्हें पता चला कि उनका मासिक धर्म रुक गया है। जब इस नई समस्या के निदान के लिए वह अस्पताल पहुँची तो चौंकाने वाली जानकारी मिली। 

चिकित्सकों ने उन्हें बताया कि अधिक व्यायाम करने से उनके शरीर की उम्र लगभग 50 साल की हाे गई है। इसीलिए उनका मासिक धर्म रुक गया है। हालाँकि, अच्छी बात यह रही कि चिकित्सकों ने चीन की परम्परागत औषधि प्रणाली में इस समस्या का हल खोज लिया। उन्हें बड़ी मात्रा में परम्परागत औषधियाँ लेने की सलाह दी गई है। ताकि शरीर धीरे-धीरे अपनी सामान्य अवस्था में लौटे और उनका मासिक धर्म फिर शुरू हो सके। इतना ही नहीं, उन्हें व्यायाम से भी कुछ समय के पूरी तरह दूरी बनाकर रखने की सलाह दी गई है।

अब इस कहानी में दो बातें बड़ी स्पष्ट रूप से समझने और सीखने लायक हैं। पहली- पहले ही बता दी गई है कि लत कोई भी हो, अंत में नतीजे बुरे ही देती है। दूसरी- परम्परागत प्रणाली चीन की हो या भारत की या फिर किसी अन्य देश की। तमाम समस्याओं का समाधान आखिरकार वहीं मिलता है। 

सोशल मीडिया पर शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *