bavuma

भारत-दक्षिण अफ्रीका पहला टेस्ट : जिसे ‘बौना’ कहा, उसी ने ‘बड़े घमंडियों’ को बौना किया!

टीम डायरी

महज दो दिन पहले की बात है। विश्व क्रिकेट के ‘बड़े घमंडियों’ (अपने आप को ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों की तरह बनाने पर तुले भारतीय क्रिकेटर) ने दक्षिण अफ्रीकी टीम के कप्तान तेम्बा बवूमा का अपमान किया था। उन्हें ‘बौना’ कहा और गाली भी दी। नीचे इसके प्रमाण के तौर पर एक वीडियो दिया गया है, जिसे देखा जा सकता है। भारतीय खिलाड़ियों की भाषा सुनी भी जा सकती है।  

यह दोनों टीमों के बीच कोलकाता में हुए पहले टेस्ट मैच के पहले दिन की घटना है। दक्षिण अफ्रीका पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी। पहली पारी में 62 रन पर उसके दो विकेट हो चुके थे। बवूमा अपने पैर जमाने की कोशिश कर रहे थे। पारी का 13वाँ ओवर चल रहा था, जिसमें भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की एक गेंद बवूमा के पैर पर जा लगी थी। बवूमा को पगबाधा (एलबीडब्ल्यू) आउट करार देने के लिए अम्पायर से अपील की गई। उन्होंने वह खारिज कर दी, तो भारतीय खिलाड़ी आपस में चर्चा कर रहे थे कि डीआरएस (निर्णय समीक्षा प्रणाली) का उपयोग किया जाए या नहीं। इसी बीच बवूमा के विरुद्ध एक-दो खिलाड़ियों ने आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। फिर अपने-अपने रास्ते चले गए। डीआरएस नहीं लिया गया। 

भारतीय खिलाड़ियों को शायद लगा होगा कि हिन्दी में की गई उनकी बातों को किसी ने समझा नहीं। पर ऐसा नहीं था। महज पाँच फीट तीन इंच की ऊँचाई वाले बवूमा का बड़प्पन था कि उन्होंने अपशब्दों का जवाब अपने खेल और अपनी कप्तानी से देना ठीक समझा। उन्होंने भारतीय टीम को उसकी पहली पारी में महज 189 रन पर समेट दिया। फिर दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी में जब पूरी टीम ढह रही थी, बवूमा एक छोर सँभाले रहे। उन्होंने 136 गेंदें खेलीं, नाबाद 55 रन बनाए, जो दोनों टीमों की ओर से इस मैच में लगा इकलौता अर्धशतक भी था।

बवूमा के इस प्रदर्शन की मदद से दक्षिण अफ्रीका ने भारत को उसकी दूसरी पारी में 124 बनाकर जीत हासिल करने की चुनौती दी। रविवार, 16 नवम्बर को मैच का तीसरा ही दिन था। भारतीयों के पास पूरे दो दिन का समय और 200 से अधिक ओवर थे। वे जीत का लक्ष्य आसानी से पा सकते थे। लेकिन नियति भी शायद ‘बड़े घमंडियों’ का घमंड तोड़ना ही चाहती थी। बवूमा की चुस्त कप्तानी ने भारतीय टीम को महज 93 रन पर ढेर कर दिया और दक्षिण अफ्रीका ने 15 साल में पहली बार भारत में टेस्ट मैच जीतने की उपलब्धि हासिल कर ली। फिर देखिए बवूमा को। 

प्रदर्शन के आधार पर आई यह प्रतिक्रिया ही उनकी ओर से भारतीय खिलाड़ियों की बदजुबानी का जवाब थी। वैसे, एक बात और याद दिला दें कि बवूमा की कप्तानी में दक्षिण अफ्रीका ने अब तक 11 टेस्ट मैच खेले हैं। उनमें से 10 में इस टीम ने जीत हासिल की है। विश्व टेस्ट क्रिकेट चैम्पियनशिप का खिताब भी इसी दौरान अफ्रीका ने जीता है। बवूमा के विरुद्ध अपशब्दों का इस्तेमाल करने वाले भारतीय खिलाड़ी शायद इस बात को भूल गए थे।   

सोशल मीडिया पर शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *