पटरी पर रोटी और बेपटरी रोजी!

महाराष्ट्र के औरंगाबाद के पास शुक्रवार (आठ मई) तड़के एक मालगाड़ी पटरी पर सो रहे 16 कामगारों को कुचलते, काटते गुजर गई। इस हादसे की जो तस्वीरें आईं, उनमें रेल पटरी पर पड़ी हुई खून से सनी रोटियों की भी तस्वीर थी। वे रोटियाँ जो मज़दूरों ने शायद अगले दिन के लिए बचा रखी थीं। मगर वे उनको खाते, इससे पहले मौत उन्हें खा गई।

यह तस्वीर सामने आने के बाद मीडिया के तमाम माध्यमों पर सम्वेदनाओं का जैसे ज्वार आया हुआ है। गुस्सा भी खूब नज़र आ रहा है। और दुख तो स्वाभाविक है ही। क्योंकि एक तो घटना ऐसी दिल दहला देने वाली। ऊपर से यह तस्वीर, जो दिल के साथ दिमाग का भी कोना-कोना झिंझोड़ दे। पर बात इससे आगे की है। और आगे तक जाने वाली है।

दरअसल पटरी पर पड़ीं रोटियों से जुड़ी सम्वेदनाओं का ज्वार तो दो-चार दिन में उतर जाएगा। लेकिन लगातार बेपटरी हो रही रोजी की वेदना आने वाले कई महीनों-सालों तक महसूस की जाने वाली है। बीते दो-ढाई महीने से इस वेदना की चुभन महसूस होना शुरू हुई है। हालाँकि अब तक यह कथित बौद्धिक विमर्श का हिस्सा नहीं बन सकी है।

सेन्टर फॉर मॉनिटरिंग ऑफ इन्डियन इकॉनॉमी (सीएमआईई) नाम की एक प्रतिष्ठित संस्था है। इसके आँकड़ों पर केन्द्र और राज्य सरकारें तक भरोसा करती हैं। सीएमआईई के मुताबिक आठ मई तक भारत की बेरोज़गारी दर 24.6 फ़ीसदी तक हो चुकी थी। यही नहीं, बेरोजग़ारी बढ़ने की दर गाँवों के मुकाबले शहरों में कहीं ज़्यादा देखी जा रही है।

संस्था के आँकड़ों के अनुसार, बेरोज़गारी की दर शहरों में आठ मई तक 25.1 और गाँवों में 24.4 प्रतिशत दर्ज़ की गई है। अप्रैल के अन्त तक पूरे देश में लगभग 12.15 करोड़ लोग बेरोज़गार हो चुके थे। इन बेरोज़गारों में सिर्फ़ छोटे कामग़ार या दिहाड़ी मज़दूर बस शामिल नहीं हैं। बल्कि नौकरी खोने वाले करीब पौने दो करोड़ वेतनभोगी भी हैं।

पूरे और विस्तृत आँकड़े सीएमआईई की वेबसाइट पर मौज़ूद हैं, जो सिर्फ़ आज की ही नहीं, कल की भी भयावह तस्वीर दिखा रहे हैं। क्योंकि इन्हीं आँकड़ों के मुताबिक मार्च के महीने में देश की बेरोज़गारी दर 8.74 फ़ीसद थी। लेकिन वह अप्रैल और मई के शुरुआती सप्ताह तक लगभग तीन गुना बढ़ चुकी है। यही मुख्य चिन्ता का विषय है।

चूँकि अगले कुछ और महीनों तक महामारी और तालाबन्दी का प्रभाव रहने ही वाला है। लिहाज़ा, इन्हीं आँकड़ों को आधार बनाकर अगर हम भविष्य की कल्पना करें तो ‘बेपटरी रोजी’ की वेदना हमारी रगों में चुभती महसूस होगी। हमें मज़बूर कर रही होगी कि हम इस पर बात करें। अपने स्तर पर ऐसे प्रयास करें कि ख़ुद के साथ-साथ कुछ और हाथों को भी काम मुहैया करा सकें। और कुछ नहीं तो अपनी सम्प्रेषण क्षमता, तार्किकता, अपने विमर्श कौशल आदि का इस्तेमाल कर माहौल ही बनाएँ। ताकि सरकारों पर, कारोबारियों पर दबाव बने। वे किन्हीं हाथों से काम छीनने की जगह अतिरिक्त हाथों को काम देने पर विवश हों।

अगर हम ये कर सके तभी शायद हमारा पढ़ा-लिखा और ‘समझदार’ होना असरदार हो पाएगा। किसी काम का कहला सकेगा। वरना तो बातें हैं, बातों का क्या…!

सोशल मीडिया पर शेयर करें
Apni Digital Diary

Share
Published by
Apni Digital Diary

Recent Posts

जनगणना हो रही है, जनसंख्या बढ़ रही है और आंध्र में आबादी बढ़ाने वालों को ‘इनाम’!

देश में जनगणना होने वाली है। मतलब जनसंख्या कितनी है और उसका स्वरूप कैसा है,… Read More

16 hours ago

एक यात्रा, दो मुस्लिम ड्राइवर और दोनों की सोच….सूरत-ए-हाल गौरतलब!

अभी एक तारीख को किसी जरूरी काम से भोपाल से पन्ना जाना हुआ। वहाँ ट्रेन… Read More

3 days ago

सेवा-तीर्थ में ‘भारतीय भाषाओं’ की सेवा नहीं हुई, आगे शायद ही हो!! वीडियो से समझिए!

भारत के प्रधानमंत्री कार्यालय के नए परिसर का उद्घाटन 13 फरवरी 2026 को हुआ। इसे… Read More

6 days ago

भ्रष्ट-आचार अब एक शिष्ट-विचार, इसे खत्म करना मुश्किल, दो उदाहरणों से समझिए कैसे?

‘भ्रष्ट’ का अर्थ है- जब कोई अपने धर्म (कर्तव्य-पथ) से दूर हट जाए और ‘आचार’… Read More

7 days ago

ईस्ट इण्डिया कम्पनी फिर ‘दफन’, और ‘गुलाम-सोच’ लिखती है- “सूरज डूब गया”!

ऐसी सूचना है कि अंग्रेजों की ईस्ट इण्डिया कम्पनी फिर दिवालिया हो गई और उसका… Read More

1 week ago