‘उनके मीडिया’ का बहिष्कार : हम्माम में सब नंगे हैं, पहले सुना था, अब देख भी रहे हैं

नीलेश द्विवेदी, भोपाल, मध्य प्रदेश

अभी 13 सितम्बर को एक ख़बर आई कि कांग्रेस के नेतृत्त्व वाले विपक्षी दलों के गठबन्धन ने देश के 14 नामी पत्रकारों और कुछ न्यूज़ चैनलों का बहिष्कार करने का फ़ैसला किया है। गठबन्धन की ओर से इनके नामों की सूची भी जारी की गई। उसके बाद से ही देशभर में एक बहस सी चल रही है कि विपक्षी गठबन्धन ने ये सही किया या ग़लत? इससे उसे नुकसान होगा या फ़ायदा? एक वर्ग को तो इस तरह के फ़ैसले पर काफी अचरज है। हालाँकि इस फ़ैसले में आश्यर्च या इतनी बहस-मुबाहिसे की ज़्यादा गुंजाइश है नहीं। 

इसे यूँ एक कहावत की नज़र से समझते हैं। हम में से बहुतों ने बड़े-बुज़ुर्गों को किसी न किसी मसले पर यह कहते हुए अक्सर सुना होगा कि ‘हम्माम में सब नंगे हैं’। मतलब कि बाहर से कोई कितने भी रंगीन पर्दों में नज़र आता हो, हम्माम (गुसलख़ाने का भीतरी कमरा, जहाँ ख़ास तौर पर गर्म पानी का इंतिज़ाम हुआ करता था) में नहाते वक़्त सब बिना कपड़ों के होते हैं। यही बड़ी सच्चाई है। लेकिन इसे किसी न किसी तरह दबाए-छिपाए रखने की कोशिशें सब करते हैं। जिससे, जैसे बन पड़े, वैसे। थोड़ी लाज-शर्म के कारण।

हिन्दुस्तान में जहाँ तक मीडिया, या उसी की तरह ख़ुद को ‘बौद्धिक’ कहने और समझने वाले वर्ग का त’अल्लुक़ तो उस पर भी यही बात लागू होती है, पूरी तरह। भारतीय जनता पार्टी के नेता नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने से पहले तक यह वर्ग भी ख़ुद को ख़ूबसूरत आवरणों में ढँक कर रखने में सफल था। अलबत्ता, उसकी अपनी विचारधाराएँ, प्रतिबद्धताएँ तब भी थीं ही। और वह उन्हें पूरी शिद्दत से पोषित, पल्लवित, प्रचारित, प्रसारित भी कर ही रहा था। हम्माम के भीतर अपने पूरे कपड़े उतार कर नहाने वालों की तरह।

लेकिन जैसे ही नरेन्द्र मोदी ने देश की सत्ता सँभाली तो उनकी ‘अपनी कार्यशैली’ के कारण हम्माम के भीतर किया जाने वाला कृत्य खुले-‘आम सड़कों पर आ गया। मीडिया, सोशल मीडिया, शिक्षा, विज्ञान, फिल्म, संस्कृति, कला, साहित्य, हर जगह स्पष्ट रूप से दो वर्ग नज़र आने लगे। एक- ‘नरेन्द्र मोदी का विरोधी’, जो ख़ुद को देश के लोकतंत्र, संविधान, साझा संस्कृति, धर्मनिरपेक्षता, आदि का पैरोकार बताता है। और ‘मोदी’ को भर-भर के गालियाँ देता है। दूसरे अर्थों में, उनकी निर्विवाद लोकप्रियता की आड़ में अपनी दुकानें चमकाता है। 

दूसरा वर्ग- ‘नरेन्द्र मोदी का समर्थक’, जो ख़ुद को बहुप्रचारित राष्ट्रवाद, आर्थिक विकास, ग़ुलामी के निशानों से मुक्ति की कोशिशों, आदि के साथ मज़बूती से खड़ा हुआ पाता है। अलबत्ता, यह वर्ग भी इस तरह की पैराकारी से अपनी दुकानें ही चमकाता है। और ग़ौर करने की बात है कि ‘एक’ की यही चमक अब ‘दूसरे’ (विपक्षी दलों के गठबन्धन का सन्दर्भ ले सकते हैं) को चुभने लगी है। क्योंकि यह वर्ग-भेद अब धीरे-धीरे कट्‌टर स्वरूप लेता जा रहा है। सो, ज़वाब भी उतनी ही कट्‌टरता से दिया जाने लगा है। बहिष्कार जैसे फ़ैसलों से। 

बात बस, इतनी ही है। और कोई कहे, कुछ भी, दोनों तरफ़ समान अर्थ में इसी तरह से लागू भी है। क्योंकि मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री जैसे पदों पर दो दशक से अधिक गुजार चुके ख़ुद नरेन्द्र मोदी भी इतने सालों से यही करते आए हैं, ‘जो पसन्द नहीं या जो आँखों को चुभ जाए, उसका बहिष्कार।’ अलबत्ता, उनकी शैली को ज़्यादातर लोग समझ और मन-बिना मन से स्वीकार कर चुके हैं। लेकिन अभी जब विपक्षी दलों ने इस शैली में ज़वाब दिया, तो लोगों को हज़म न हुआ क्योंकि ये विपक्ष वाले ‘मोहब्बत की दुकान’ सजाने का दम भरते हैं। 

हालाँकि जो चन्द लोग निरपेक्ष क़िस्म के हैं, और बड़े-बुज़ुर्गों की बातों को ज़ेहन में रखते हैं, उन्हें क़त’ई अजरज न हुआ। क्योंकि उन्हें पता है, ‘हम्माम में सब नंगे हैं’, पहले भीतर रहे, अब बाहर हैं। 

सोशल मीडिया पर शेयर करें
Neelesh Dwivedi

Share
Published by
Neelesh Dwivedi

Recent Posts

पर्यावरण दिवस, ईंधन बचाने की बातें और निजी कारों का ऐसा तमाम-जाम, दिलचस्प है न?

मैं बेंगलुरू में जहाँ रहता हूँ, वहाँ अपने घर के सामने रोज इस तरह का… Read More

6 hours ago

लिंक्डइन के जरिए नौकरी का जाल, चीन से पाँच देशों की जासूसी, भारतीय भी सावधान रहें!

लिंक्डइन के जरिए नौकरी का जाल बिछाकर, रोजगार की तलाश कर रहे लोगों को काम… Read More

1 day ago

‘शिक्षक’ ने अपने कौड़ी के ज्ञान से ‘पत्रकार’ को दो कौड़ी का साबित कर दिया, देखिए वीडियो!

देश की एक जानी-मानी ‘पत्रकार’ ने ऑनलाइन पढ़ाने वाले शिक्षकों के लिए कह दिया कि… Read More

2 days ago

क्या हम भारतीयों को सार्वजनिक नियम-कायदे मानने की तमीज नहीं? अभी बहस तो यही है!

अभी एक-दो दिन से मीडिया-सोशल मीडिया में यह बहस चल रही है कि हम भारतीयों… Read More

3 days ago

अपने हिस्से का योगदान दीजिए, वरना लू के थपेड़ों से रोज 3,400 लोग मरने लग जाएँगे!

एक नया अध्ययन हुआ है। इसमें भारत और उसके आस-पास के देशों में लगातार बढ़ती… Read More

4 days ago

इस लड़की ने दो लाख की नौकरी छोड़कर 60 हजार रुपए महीने में खुशी खरीदी है!

खुशी पाने के लिए लोग क्या-क्या नहीं करते। ज्यादातर लोग अमूमन बड़ी से बड़ी नौकरी… Read More

5 days ago