डोनाल्ड ट्रम्प की सलामती के लिए उपवास करने वाले तेलंगाना के युवक का निधन, 10 सूचनाएँ

टीम डायरी, 12/10/2020

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की सलामती के लिए उपवास कर रहे तेलंगाना के युवक बूसा कृष्णा का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया है। वे 33 साल के थे। उनके परिवार वालों ने बताया कि जब से कृष्णा को पता चला था कि ट्रम्प और उनकी पत्नी मेलानिया को कोरोना संक्रमण हो गया है, तब से वे परेशान थे। कृष्णा का नाम साल 2018 में सुर्खियों में आया था। तब उन्होंने जनगाँव जिले के कोन्ने गाँव में स्थित अपने घर के पूजाघर में ट्रम्प की बड़ी तस्वीर लगाई थी। पिछले साल उन्होंने लगभग छह फीट ऊँची ट्रम्प की मूर्ति मन्दिर में स्थापित कर ली थी। उसे वे रोज दूध से नहलाकर पूजते थे। उन्होंने अपना नाम भी ट्रम्प कृष्णा रख लिया था।  

नीट का परिणाम 16 अक्टूबर काे आएगा  

देशभर के चिकित्सा महाविद्यालयों (Medical colleges) में दाख़िले के लिए इस साल ली गई राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) का परिणाम 16 अक्टूबर को घोषित किया जाएगा। केन्द्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने सोमवार, 12 अक्टूबर को इसकी घोषणा की। यह परीक्षा 13 सितम्बर को हुई थी। इसमें लगभग 13 लाख परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया था। हालाँकि कोरोना के तीव्र संक्रमण वाले इलाकों के कई विद्यार्थी परीक्षा में नहीं भी बैठ पाए थे। पोखरियाल के मुताबिक ऐसे विद्यार्थियों के लिए 14 अक्टूबर को विशेष नीट आयोजित की जाएगी।

तमिल फिल्मों की पूर्व अभिनेत्री और तमिलनाडु कांग्रेस की नेता खुशबू सुन्दर भाजपा में 

तमिल फिल्मों की पूर्व अभिनेत्री और तमिलनाडु कांग्रेस की नेता खुशबू सुन्दर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गई हैं। उन्होंने सोमवार, 12 अक्टूबर को दिल्ली में पार्टी की सदस्यता ली। सूचना ये भी है कि उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गाँधी को अपने इस्तीफ़े का पत्र भेजते हुए कुछ नेताओं पर आरोप लगाया है। इसमें उन्होंने लिखा है, “पार्टी में उच्च स्तर पर बैठे कुछ तत्त्व हैं, जिनका ज़मीनी वास्तविकता से कोई लेना-देना नहीं हैं। उनकी जननेता के तौर पर पहचान नहीं है। मगर वे पार्टी की दशा-दिशा तय कर रहे हैं।”

मुम्बई के कई हिस्सों में घंटों बिजली गुल रही, जाँच के आदेश  

देश की आर्थिक राजधानी मुम्बई के कई इलाकों में सोमवार, 12 अक्टूबर को बिजली गुल रही। सूचना के मुताबिक विद्युत संयंत्र (Power Grid) में तकनीकी ख़राबी आने की वज़ह से यह स्थिति बनी। इससे तमाम शहर में जनजीवन काफी देर तक प्रभावित हुआ। घंटों बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो सकी। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने इस घटना की जाँच का आदेश दे दिया है।

भाजपा की पूर्व नेता विजयाराजे सिन्धिया की याद में 100 रुपए का स्मारक सिक्का जारी  

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार, 12 अक्टूबर को 100 रुपए का विशेष स्मारक सिक्का जारी किया है। यह सिक्का भारतीय जनता पार्टी की पूर्व नेता विजयाराजे सिन्धिया के सम्मान में जारी किया गया है। सोमवार को ही विजयाराजे सिन्धिया के जन्मशताब्दी वर्ष समारोह का समापन भी हुआ है। 

दिल्ली की रामलीला इस बार शायद नहीं हो सकेगी 

दिल्ली की लोकप्रिय रामलीला इस बार शायद नहीं हो सकेगी। अगर ऐसा होता है, तो इसके 80 साल के इतिहास में पहली बार ऐसा होगा। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने रामलीला और दुर्गा उत्सव समारोहों के आयोजन की अनुमति दे दी है। लेकिन लवकुश रामलीला समिति के सदस्यों ने बताया कि भारतीय पुरातत्त्व सर्वेक्षण विभाग (ASI) ने अभी इसकी इजाज़त नहीं दी है। यह रामलीला एएसआई द्वारा संरक्षित इमारत ‘लाल किले’ में होती है। इसमें दशहरे पर प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति भी शामिल होते रहे हैं। कई बड़े नेता इस रामलीला में बतौर पात्र अभिनय कर चुके हैं। करते हैं।

लीबिया में अपह्रत सात भारतीय रिहा किए गए 

लीबिया में जिन सात भारतीय नागरिकों का अपहरण किया गया था, उन्हें रिहा कर दिया गया है। ये सभी मूल रूप से आन्ध्र प्रदेश, गुजरात, बिहार और उत्तर प्रदेश के हैं। बीती 14 सितम्बर को इनका लीबियाई शहर असवेरिफ से अपहरण कर लिया गया था। लीबिया में भारत का कोई दूतावास नहीं है। इसलिए इन भारतीयों को छुड़ाने की जिम्मेदारी ट्यूनीशिया स्थित भारतीय दूतावास को दी गई थी। वहाँ तैनात भारतीय राजदूत पुनीत रॉय कुंडल ने इन भारतीयों की रिहाई की पुष्टि की है।

ताजिकिस्तान के राष्ट्रपति एमोमली रहमान फिर चुने गए  

ताजिकिस्तान के राष्ट्रपति एमोमली फिर अगले सात साल के लिए इस पद पर चुन लिए गए हैं। वहाँ हुए चुनावों में रहमान को लगभग 90 फ़ीसदी मत हासिल हुए। राजधानी दुशानबे में सोमवार, 12 अक्टूबर को चुनाव आयोग ने रहमान के निर्वाचन की औपचारिक घोषणा की। रहमान बीते 28 साल से ताजिकिस्तान के राष्ट्रपति हैं। ताजिकिस्तान पूर्व में रूस के नेतृत्व वाले सोवियत संघ का हिस्सा रहा है। इस देश की सीमाएँ चीन और अफ़ग़ानिस्तान से लगती हैं। 

तानाशाह किम जोंग उन ने रोते हुए उत्तर कोरिया के लोगों से माफ़ी माँगी  

उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन ने रोते हुए अपने देश के लोगों से माफी माँगी है। देश में दशकों से सरकार चला रही अपनी पार्टी के 75वें स्थापना दिवस समारोह में आम जनता को सम्बोधित करते हुए उन ने कहा, “आपने मुझ पर भरोसा किया। लेकिन मैं उस पर खरा नहीं उतरा। इसके लिए  मैं सच में आपसे क्षमा चाहता हूँ।” वे कोरोना संक्रमण के चुनौतीपूर्ण दौर में देशवासियों का सहयोग न कर पाने के लिए अफ़सोस जता रहे थे। 

भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के सहयोगी का इस्तीफा   

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के नज़दीकी सहयोगी सेवानिवृत्त सेना अधिकारी असीम सलीम बाजवा ने सोमवार, 12 अक्टूबर को इस्तीफ़ा दे दिया। उन पर भ्रष्टाचार के तमाम आरोप लगे थे। वे चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा प्राधिकरण (CPECA) के अध्यक्ष थे। उन पर आरोप है कि उन्होंने भ्रष्टाचार की रकम से अमेरिका सहित चार देशों में अपने और परिजनों के नाम 99 कम्पनियाँ पंजीकृत कराईं। इनके 133 बिक्री केन्द्र (Outlet) विभिन्न जगहों पर चल रहे हैं।

 

 

सोशल मीडिया पर शेयर करें
Apni Digital Diary

Share
Published by
Apni Digital Diary

Recent Posts

56 साल के ‘युवा’ सत्ता के लिए आग भड़का रहे और 28 साल के देश को नई ऊँचाई दे रहे!

अभी सोमवार, 20 जुलाई को संसद का मॉनसून सत्र शुरू हुआ। इससे कुछ समय पहले… Read More

2 hours ago

वंदेमातरम

जय जय श्री राधे Read More

1 day ago

‘सरल भक्तमाल’- 11..: तर्क कोई कितने भी दे, वैष्णव भक्ति के मूल सम्प्रदाय तो चार ही हैं!

कलि युग में भक्ति मार्ग पाखण्ड से घिरा रहता है, इसलिए भगवान के भजन-पूजन, नाम… Read More

3 days ago

फिल्म ‘थ्री इडियट’ के फुनसुक वाँगड़ू नहीं हैं सोनम वाँगचुक, फिर भी ऐसा प्रचार क्यों?

शिक्षा प्रणाली में मूलभूत सुधार और केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे की माँग… Read More

4 days ago

केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा मण्डल ने अंग्रेजी को ‘विदेशी भाषा’ कह दिया, तो हाय-तौबा क्यों?

भाषा को लेकर बेवजह की हाय-तौबा मची हुई इन दिनों। वजह वही, पीढ़ियों से भारतीय… Read More

5 days ago

जिन्हें सच्ची खुशी की तलाश, वे आईआईटी प्रवेश परीक्षा में जानबूझकर फेल भी हो जाते हैं!

जिन्दगी अपनी है, चुनाव भी अपने ही होते हैं। ऐसा अक्सर कहा जाता है। लेकिन… Read More

6 days ago