मैं उन्हीं लाखों लाशों की तरफ़ से आप से माफ़ी माँगता हूँ

टीम डायरी, 22/7/2021

बीते दो-तीन दिनों राज्यसभा के सदस्य प्रोफेसर मनोज झा का सदन में दिया यह भाषण ख़बरिया ( Media) और सामाजिक माध्यमों (Social Media) पर चल रहा है। चल क्या रहा है, छाया हुआ है। लोग उनके भाषण की तारीफ़ कर रहे हैं। तारीफ़ के काबिल है भी। क्योंकि आजकल के नेताओं से ऐसी उम्मीद कम ही की जाती है कि वे आम नागरिकों की ज़िन्दगी और मौत से जुड़े मुद्दों पर इतनी नज़दीकी संवेदनशीलता से बोलेंगे।

लेकिन राष्ट्रीय जनता दल के सांसद मनोज झा ने जैसे हर उस नब्ज़ को दबाया, जो दबाई जानी चाहिए थी। उन्होंने भाषण की शुरुआत माफ़ी से की। व्यवस्था के अलम्बरदारों की ओर से कोरोना-काल में अकाल मौत के शिकार लोगों से यह माफ़ी उन्हाेंने माँगी। माँगी भी जानी चाहिए थी क्योंकि लोग जितने महामारी से नहीं मरे, उसके कहीं अधिक व्यवस्था की लाचारी से मारे गए। तो यह माफ़ी बनती थी। क्योंकि जो सक्षम थे, उनमें से कईयों ने वक़्त रहते कुछ किया नहीं। और कई चाहकर, हाथ-पाँव मारकर भी कुछ कर नहीं पाए।

तो इस तरह उनके भाषण में एक तो शुरुआत का माफ़ीनामा ग़ौर करने लायक रहा। दूसरा, उससे ज़्यादा ग़ौरतलब आख़िर में दिया गया एक लाइन का माफ़ीनामा…लाखों लाशों की ओर से हुक्मरानों के नाम। ये माफ़ीनामा दरअसल, मनोज की लाइनों के बीच का छिपा अर्थ है। ऐसा, जहाँ से बयान से आगे की बात शुरू होती है। दूर तक जाती है। मनोज अध्यापक हैं। वे जानते हैं कि उनके जैसी आवाज़ें अक़्सर नक्क़ारख़ाने की अँधेरी खोह में न जाने कहाँ ग़ुम हो जाती हैं। हुक़्मरानाें तक ये पहुँचती ही नहीं हैं। पहुँचती हैं, तो उनकी तरफ़ उनका ध्यान नहीं जाता। पर कभी चला जाए तो अक़्सर आवाज़ उठाने वालों या उन्होंने जिनकी ओर से उसे बुलन्द किया है, उनकी जान पर आ बनती है।

मनोज सांसद हैं। उन्हें अपनी सुरक्षा की फिक्र शायद अधिक न हो। पर उन्हें उन आम लोगों की परवाह ज़रूर होगी, जिनकी ओर से उन्होंने आवाज़ बुलन्द की है। लम्बे समय से एक व्यवस्था का हिस्सा रहने की वज़ह से वे यह भी जानते ही हैं कि हुक़्मरान की नज़र टेढ़ी हुई नहीं कि लाखों लोग दंगे-फ़साद में मरवा दिए जाते हैं। जेबी आतंकियों, नक्सलियों का शिकार बनवा दिए जाते हैं। इधर-उधर के तमाम आरोपों में झूठे मुकदमे थोपकर किसी का भी जीना मुहाल कर दिया जाता है। ऐसे न जाने कितने हथकंडे आजमाए जाते हैं।

क्योंकि आख़िर वह हुक़्मरान है। करने पर आए तो कुछ भी कर सकता है। कर चुका है। कर रहा है। इसीलिए लाखों लाशों की तरफ़ से मनोज की माफ़ी भी जैसे मर चुके लोगों की आवाज़ सी महसूस होती है। जो चाहते हैं कि पीछे ज़िन्दा बच गए उनके परिजन बस ज़िन्दगी सुकून से काट लें अपनी। उन पर हुक़्मरान की, व्यवस्था की टेढ़ी निगाह न पड़े। 
—–
(#अपनीडिजिटलडायरी ने अपने सरोकारों की वज़ह से यह वीडियो राज्यसभा टेलीविज़न के यू-ट्यूब चैनल से लेकर साभार डायरी के पन्नों पर दर्ज़ किया है।)

सोशल मीडिया पर शेयर करें
Apni Digital Diary

Share
Published by
Apni Digital Diary

Recent Posts

56 साल के ‘युवा’ सत्ता के लिए आग भड़का रहे और 28 साल के देश को नई ऊँचाई दे रहे!

अभी सोमवार, 20 जुलाई को संसद का मॉनसून सत्र शुरू हुआ। इससे कुछ समय पहले… Read More

4 hours ago

वंदेमातरम

जय जय श्री राधे Read More

1 day ago

‘सरल भक्तमाल’- 11..: तर्क कोई कितने भी दे, वैष्णव भक्ति के मूल सम्प्रदाय तो चार ही हैं!

कलि युग में भक्ति मार्ग पाखण्ड से घिरा रहता है, इसलिए भगवान के भजन-पूजन, नाम… Read More

3 days ago

फिल्म ‘थ्री इडियट’ के फुनसुक वाँगड़ू नहीं हैं सोनम वाँगचुक, फिर भी ऐसा प्रचार क्यों?

शिक्षा प्रणाली में मूलभूत सुधार और केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे की माँग… Read More

4 days ago

केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा मण्डल ने अंग्रेजी को ‘विदेशी भाषा’ कह दिया, तो हाय-तौबा क्यों?

भाषा को लेकर बेवजह की हाय-तौबा मची हुई इन दिनों। वजह वही, पीढ़ियों से भारतीय… Read More

5 days ago

जिन्हें सच्ची खुशी की तलाश, वे आईआईटी प्रवेश परीक्षा में जानबूझकर फेल भी हो जाते हैं!

जिन्दगी अपनी है, चुनाव भी अपने ही होते हैं। ऐसा अक्सर कहा जाता है। लेकिन… Read More

6 days ago