अच्छी चीज़ों का प्रसार कीजिए, नहीं तो कोई ख़राब चीज़ें फैलाएगा

समीर शिवाजीराव पाटिल, भोपाल मध्य प्रदेश

ज़िन्दगी में हम जिन चीज़ों को मूल्यवान समझते हैं, या जिनकी क़द्र करते हैं, उसे हम सबसे साझा भी करते हैं। अगर हम पान का शौक फ़रमाते हैं, ख़ुद पान का लुत्फ़ उठाते हैं तो बहुत मुमकिन है कि अपने आस-पास के लोगों को भी एक पान की गिलौरी पेश कर दें। यह कमोबेश उन सभी बातों पर लागू है, जिनसे हम गहरा नाता रखते हैं। इस बात को उलट कर देखें तो कह सकते हैं कि हम दूसरों से वहीं बातें साझा करना पसन्द करते हैं जो हमें भीतर तक आनन्द देती हैं, जिसे हम अपनी पहचान बनाना चाहते हैं।

इस सन्दर्भ में हम में से कई लोगों ने ग़ौर किया होगा कि यूट्यूब, इंस्टाग्राम, टिक-टाॅक आदि पर चीन से सैकड़ाें रील्स और क्लिप्स आती हैं। उनमें किसान बेहद ललचाने वाले पके आम, लीची, बेर, अंगूर, अमरूद, सन्तरा, जैसे न जाने कितने जाने-अनजाने फलों की नुमाईश करते हैं। वह भी बेहद रोचक तरीके से। इनमें सबसे ख़ास बात होती है, उन आम किसानों की गौरवानुभूति। वे जिस गर्व और उत्साह से अपनी फसल दिखाते हैं, उसे देखने वाला बरबस उस भावलोक में पहुँच जाता है। ऐसी ही रील्स खेतों में शाक-सब्जियों की, फसलों की आती है। एक पौधे से डेढ़-दो सेर भर से ज़्यादा पैदा होते आलू, शकरकंद, गोभी, मिर्च के पौधे दिलो-दिमाग़ को ख़ुश कर देते हैं। अपने काम और उत्पादों का ऐसा उत्सव मनाते देखना बहुत प्रेरक होता है।

इसी तरह, हमारे राजस्थान गुजरात, हरियाणा आदि के गौपालक अपनी गाय-भैसों को ऐसी ही शान से दिखाते हैं। उत्तरप्रदेश, बिहार, कर्नाटक, तमिलनाडु, महाराष्ट्र के ग्रामीण इलाकों की दादी माँ पारम्परिक रसोई की रील्स शेयर करती हैं और चन्द घंटों में लाखों लोगों की पसन्द बन जाती है। ठेठ ग्रामीण बोली में भजन-कीर्तन और कथाएँ भी लोगों को भीतर तक आल्हादित कर देती हैं। इसके मायने क्या हैं? यही कि जो बात हमें रसानुभूति देती है, जिससे हम गौरवान्वित होते हैं, वही दूसरों को भी अपील करती हैं।

इसीलिए हम-आप जैसे आम लोग यदि अपनी ज़िन्दगी की रोचक और आनन्द देने वाली अच्छी-अच्छी छोटी-बड़ी बातों का अधिक से अधिक प्रसार करना शुरू कर दें, तो इन्टरनेट की दुनिया बेहतर जगह बन जाएगी। रील्स, जो अभी हमारे बच्चों को बिगाड़ने, सम्बन्धों को ख़राब करने और युवाओं को भ्रमित करने वाली लगती हैं, वे हमारे ऐसे छोटे से प्रयास से सकारात्मकता फैलाने वाली बन सकती है। तो, बेहतर होगा कि हम जीवन में कुछ भी मूल्यवान, सकारात्मक, प्रेरक या रसपूर्ण से रूबरू हों, तो उसे इन्टरनेट के किसी भी माध्यम से दुनिया में साझा कर उसका उत्सव मनाएँ।

ध्यान रखें यदि हम अच्छी चीज़ों का प्रसार नहीं करते, तो निश्चित ही कोई वहाँ बुरी चीज़ें फैलाएगा। क्योंकि यहाँ निर्वात (खालीपन) के लिए कोई जगह नहीं।
——–
(नोट : #अपनीडिजिटलडायरी के शुरुआती और सुधी-सदस्यों में से एक हैं समीर। भोपाल, मध्य प्रदेश में नौकरी करते हैं। उज्जैन के रहने वाले हैं। पढ़ने, लिखने में स्वाभाविक रुचि रखते हैं। वैचारिक लेखों के साथ कभी-कभी उतनी ही विचारशील कविताएँ, व्यंग्य आदि भी लिखते हैं। डायरी के पन्नों पर लगातार अपनी उपस्थिति दर्ज़ कराया करते हैं।)

सोशल मीडिया पर शेयर करें
From Visitor

Share
Published by
From Visitor

Recent Posts

पर्यावरण दिवस, ईंधन बचाने की बातें और निजी कारों का ऐसा तमाम-जाम, दिलचस्प है न?

मैं बेंगलुरू में जहाँ रहता हूँ, वहाँ अपने घर के सामने रोज इस तरह का… Read More

5 hours ago

लिंक्डइन के जरिए नौकरी का जाल, चीन से पाँच देशों की जासूसी, भारतीय भी सावधान रहें!

लिंक्डइन के जरिए नौकरी का जाल बिछाकर, रोजगार की तलाश कर रहे लोगों को काम… Read More

1 day ago

‘शिक्षक’ ने अपने कौड़ी के ज्ञान से ‘पत्रकार’ को दो कौड़ी का साबित कर दिया, देखिए वीडियो!

देश की एक जानी-मानी ‘पत्रकार’ ने ऑनलाइन पढ़ाने वाले शिक्षकों के लिए कह दिया कि… Read More

2 days ago

क्या हम भारतीयों को सार्वजनिक नियम-कायदे मानने की तमीज नहीं? अभी बहस तो यही है!

अभी एक-दो दिन से मीडिया-सोशल मीडिया में यह बहस चल रही है कि हम भारतीयों… Read More

3 days ago

अपने हिस्से का योगदान दीजिए, वरना लू के थपेड़ों से रोज 3,400 लोग मरने लग जाएँगे!

एक नया अध्ययन हुआ है। इसमें भारत और उसके आस-पास के देशों में लगातार बढ़ती… Read More

4 days ago

इस लड़की ने दो लाख की नौकरी छोड़कर 60 हजार रुपए महीने में खुशी खरीदी है!

खुशी पाने के लिए लोग क्या-क्या नहीं करते। ज्यादातर लोग अमूमन बड़ी से बड़ी नौकरी… Read More

5 days ago