हिन्दी के मुहावरे, बड़े ही बावरे

अखिलेश जैन, छतरपुर मध्य प्रदेश से, 11/8/2021

हिन्दी का थोडा़ आनन्द लेते हैं। हिन्दी के मुहावरों की भाषा, उनकी अहमियत, उनकी ख़ासियत समझने की कोशिश करते हैं। हालाँकि इस ख़ूबसूरती से इन मुहावरों को चन्द लाइनों में सहेज लेने का यह काम मैंने नहीं किया है। काश! किया होता। पर सच ये है कि व्हाट्स एप सन्देश के तौर पर किसी परिचित ने मुझे ये पंक्तियाँ भेजीं और मैंने इसे #अपनीडिजिटलडायरी पर सहेज लेने का यत्न किया है। अपने लिए। डायरी के पाठकों के लिए। हमेशा के लिए। डायरी के भाषायी सरोकार के कारण। उस पर अक़्सर ही आने वाली रोचक-सोचक, प्रेरक सामग्री के मद्देनज़र। ‘मुहावरों की मुहावरेदार पंक्तियाँ’ कुछ यूँ हैं…   

हिन्दी के मुहावरे, बड़े ही बावरे हैं
खाने-पीने की चीजों से भरे हैं
कहीं पर फल हैं तो कहीं आटा-दालें हैँ
कहीं पर मिठाई है, कहीं पर मसाले हैं
चलो, फलों से ही शुरू कर लेते हैं
एक-एक कर सबके मज़े लेते हैं

‘आम के आम और गुठलियों के दाम’ मिलते हैं
कभी ‘अंगूर खट्टे’ हैं
कभी ‘खरबूजे, खरबूजे को देख कर रंग बदलते हैं’,
कहीं ‘दाल में काला’ है,
तो कहीं किसी की ‘दाल ही नहीं गलती’ है,

कोई ‘डेढ़ चावल की खिचड़ी’ पकाता है,
तो कोई ‘लोहे के चने चबाता’ है,
कोई ‘घर बैठा रोटियाँ तोड़ता’ है,
कोई ‘दाल भात में मूसलचन्द’ बन जाता है,
‘मुफ़लिसी में जब आटा गीला’ होता है,
तो ‘आटे दाल का भाव मालूम पड़ जाता’ है,

सफलता के लिए ‘कई पापड़ बेलने पड़ते हैं’,
‘आटे में नमक’ तो चल जाता है,
पर ‘गेहूँ के साथ, घुन भी पिस जाता’ है,
अपना हाल तो बेहाल है, ‘ये मुँह और मसूर की दाल’ है,

‘गुड़ खाते हैं, गुलगुले से परहेज़’ करते हैं,
और कभी ‘गुड़ का गोबर’ कर बैठते हैं,
कभी ‘तिल का ताड़’, कभी ‘राई का पहाड़’ बनता है,
कभी ‘ऊँट के मुँह में जीरा’ है,
कभी कोई ‘जले पर नमक छिड़कता’ है,
किसी के ‘दूध के दाँत’ हैं,
तो कई ‘दूध के धुले’ हैं,

कोई ‘जामुन के रंग सी चमड़ी’ पा के रोई है,
तो किसी की ‘चमड़ी जैसे मैदे की लोई’ है,
किसी को ‘छठी का दूध याद आ जाता’ है,
‘दूध का जला छाछ को भी फूँक-फूँक कर पीता’ है,
और ‘दूध का दूध और पानी का पानी’ हो जाता है,

‘शादी बूरे का लड्डू’ है, जिसने खाए वो भी पछताए,
और जिसने नहीं खाए, वो भी पछताते हैं,
पर शादी की बात सुन, ‘मन में लड्डू फूटते’ हैं,
और शादी के बाद, ‘दोनों हाथों में लड्डू’ आते हैं,

कोई ‘जलेबी की तरह सीधा’ है, कोई ‘टेढ़ी खीर’ है,
किसी के ‘मुँह में घी-शक्कर’ है, सबकी अपनी अपनी तकदीर है…
कभी कोई ‘चाय-पानी करवाता’ है,
कोई ‘मक्खन लगाता’ है
और जब ‘छप्पर फाड़ कर मिलता’ है,
तो सभी के ‘मुँह में पानी आ जाता’ है,

भाई साहब अब कुछ भी हो,
‘घी तो खिचड़ी में’ ही जाता है, ‘जितने मुँह, उतनी बातें’ हैं,
‘सब अपनी-अपनी बीन बजाते’ है, पर ‘नक़्कारखाने में तूती की आवाज़’ कौन सुनता है,
‘सभी बहरे हैं, बावरे हैं’ ये सब हिन्दी के मुहावरे हैं…

ये गज़ब मुहावरे नहीं, बुज़ुर्गों के अनुभवों की खान हैं…
सच पूछो तो हिन्दी भाषा की जान हैं..!
———-
(अखिलेश पेशे से व्यवसायी हैं। #अपनीडिजिटलडायरी के नियमित पाठक हैं। उन्होंने इस ख़ूबसूरत पंक्तियों के लेखक के प्रति तह-ए-दिल से आभार के साथ इन्हें डायरी को भेजा है।)

सोशल मीडिया पर शेयर करें
Apni Digital Diary

Share
Published by
Apni Digital Diary

Recent Posts

पर्यावरण दिवस, ईंधन बचाने की बातें और निजी कारों का ऐसा तमाम-जाम, दिलचस्प है न?

मैं बेंगलुरू में जहाँ रहता हूँ, वहाँ अपने घर के सामने रोज इस तरह का… Read More

5 hours ago

लिंक्डइन के जरिए नौकरी का जाल, चीन से पाँच देशों की जासूसी, भारतीय भी सावधान रहें!

लिंक्डइन के जरिए नौकरी का जाल बिछाकर, रोजगार की तलाश कर रहे लोगों को काम… Read More

1 day ago

‘शिक्षक’ ने अपने कौड़ी के ज्ञान से ‘पत्रकार’ को दो कौड़ी का साबित कर दिया, देखिए वीडियो!

देश की एक जानी-मानी ‘पत्रकार’ ने ऑनलाइन पढ़ाने वाले शिक्षकों के लिए कह दिया कि… Read More

2 days ago

क्या हम भारतीयों को सार्वजनिक नियम-कायदे मानने की तमीज नहीं? अभी बहस तो यही है!

अभी एक-दो दिन से मीडिया-सोशल मीडिया में यह बहस चल रही है कि हम भारतीयों… Read More

3 days ago

अपने हिस्से का योगदान दीजिए, वरना लू के थपेड़ों से रोज 3,400 लोग मरने लग जाएँगे!

एक नया अध्ययन हुआ है। इसमें भारत और उसके आस-पास के देशों में लगातार बढ़ती… Read More

4 days ago

इस लड़की ने दो लाख की नौकरी छोड़कर 60 हजार रुपए महीने में खुशी खरीदी है!

खुशी पाने के लिए लोग क्या-क्या नहीं करते। ज्यादातर लोग अमूमन बड़ी से बड़ी नौकरी… Read More

5 days ago