सम्यक स्मृति; कि हम मोक्ष के पथ पर बढ़ें, तालिबान नहीं, कृष्ण हो सकें

अनुज राज पाठक, दिल्ली से, 17/8/2021

यादें बड़ी कमाल की चीजें होती हैं। हम अपनी यादों में पूरे संसार को समेटे रहते हैं। ये यादें अच्छी, बुरी, दुख देने वाली और प्रसन्नता देने वाली हो सकती हैं। लेकिन आश्चर्य की बात यह है कि हम अपनी यादों में अपने दु:खद संस्मरणों को ज़्यादा समेटे रहते हैं। यही कारण है हम अपने अतीत से सीखते कम हैं। उसका स्मरण ज्यादा करते हैं। उन यादों से सीख कर आगे नहीं बढ़ते। उन्हें याद कर अवसाद में पहुँच जाते हैं। कहीं-कभी कट्टर हो जाते हैं। हिंसक भी हो उठते हैं। इसका ताज़ातरीन उदाहरण तालिबान है। न जाने कौन सी स्मृतियाँ हैं, जो इस संगठन को मानवीय रूप में बने रहने से रोकती हैं? कुछ है, उसके अतीत में, जिसने उसे बेहद  कट्टर और हिंसक संगठन बना दिया है। इतना कि इस संगठन के लिए इसके कथनों को न मानने वाला जीवन का अधिकारी नहीं रहता? सिर्फ़ उसके मत का अनुयायी ही जीवन का अधिकारी दिखता है? 

अतीत की किन्हीं ख़राब स्मृतियों से चिपका यह संगठन ‘तालिबान’ वर्तमान में सिर्फ़ और सिर्फ़ विध्वंस का माध्यम बना हुआ है। भविष्य की दृष्टि उसके पास बची नहीं है। इसलिए सृजन करने में लगभग अक्षम हो चुका है। इतना अक्षम कि वह अच्छे-ख़ासे इंसानों को उनके बचपन से पकड़कर अपने अनुयायी आतंकियों में तब्दील कर उन्हें पतन की राह में धकेल देता है। यही तमाम कारण हैं कि इसके सदस्यों को अब कोई इंसान के तौर पर पहचानता भी नहीं। बल्कि आतंकी मानता है। ऐसे आतंकी जिनके पास न श्रीराम हैं, जो सद् मार्ग दिखा सकें। ऐसे राम, जिनका नाम जपते ही हिंसक डाकू सन्त (महर्षि वाल्मीकि) बन जाए। इस संगठन के पास न श्री कृष्ण हैं, जो केवल धर्म रक्षा, मानव संरक्षा हेतु अस्त्र-शस्त्र धारण करना सिखा सकें। और पूरे विश्व को मानवीय गरिमा का पाठ पढ़ाने वाले बुद्ध (मूर्तियों) को तो यह संगठन कब का ज़मींदोज़ कर चुका है।  

यहीं से हमें बुद्ध फिर याद आते हैं, जो कहते हैं कि हमारी स्मृति सम्यक हो। तात्पर्य है, “काया, वेदना, चित्त और मन के धर्मों की ठीक स्थितियों और उनके मलिन, क्षण-विध्वंसी होने का सदा स्मरण रखना चाहिए।”

जब सब कुछ क्षण मात्र में ध्वस्त हो जाएगा तो क्यों इतनी मोह माया? क्यों मन को मलिन करना? जब अगले क्षण का पता नहीं तो क्यों नहीं इस जीवन के प्रतिक्षण को बेहतरी में लगाना? सम्यक स्मृति का यही आशय है।

कहते हैं, ‘जैसा मन, वैसा मानुष’ यानि जिस तरह का मन होगा, वैसा मनुष्य का व्यक्तित्त्व बनता चला जाएगा।

हमारे शास्त्रों में भी कहा गया है, “मन एव मनुष्याणां कारणं बन्धमोक्षयोः”। अर्थात्- अर्थात् मन ही है, जो व्यक्ति को बन्धन और मोक्ष की तरफ ले जाता है।

लेकिन मन को साधना इतना आसान भी कहाँ हैं। गीता में अर्जुन जैसा योद्धा पूछ रहा है, “चंचल हि मनः कृष्ण प्रमाथि बलवद्दृढम्” यानि-  “हे कृष्ण! बहुत बलवान है ये मन, इसे कैसे नियंत्रित करें?”

तब श्री भगवान् कहते हैं, “असंशयं महाबाहो मनो दुनिग्रहं चलम्। अभ्यासेन तु कौन्तेय वैराग्येण च गृह्यते॥ (गीता, 6/35) । अर्थात्- “हे महाबाहो! निःसन्देह मन चंचल और कठिनता से वश में होने वाला होता है। परन्तु हे कुन्तीपुत्र अर्जुन! यह अभ्यास और वैराग्य से वश में होता है।”

बुद्ध भी तो यही कह रहे हैं अपनी स्मृति को सम्यक रखिए अर्थात सदैव यह स्मरण रखिए की आप को करना क्या है? कैसे करना है? कब करना है? क्यों करना है? और इससे भी ख़ास कि क्या नहीं करना है? जब हम अपने प्रत्येक कार्य पर दृष्टि रखेंगे, तो धीरे-धीरे अभ्यास होगा। मन, चित्त सध गया तो हम अगली अवस्था में पहुँचने लगेंगे। धीरे-धीरे मानव हो चलेंगे। मोक्ष पथ पर बढ़ चलेंगे। और ये मोक्ष क्या है?

अलग-अलग महात्माओं ने मोक्ष को परिभाषित किया है। लेकिन मुझे लगता है मोक्ष और कुछ नहीं केवल मानव हो जाना है, बुद्ध हो जाना है, श्री राम हो जाना है, श्री कृष्ण हो जाना है। अपना सर्वस्व मानव हित हेतु अर्पण कर देना मोक्ष है। जीवन ईश्वर के चरणों में समर्पित करना मोक्ष है। मानवता की सेवा मोक्ष है।

चलिए कोशिश करें कि हम मोक्ष के पथ पर बढ़ें। तालिबान नहीं, श्री कृष्ण हो सकें।
———-
(अनुज, मूल रूप से बरेली, उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। दिल्ली में रहते हैं और अध्यापन कार्य से जुड़े हैं। वे #अपनीडिजिटलडायरी के संस्थापक सदस्यों में से हैं। यह लेख, उनकी ‘भारतीय दर्शन’ श्रृंखला की 24वीं कड़ी है।)
———  

अनुज राज की ‘भारतीय दर्शन’ श्रृंखला की पिछली कड़ियां ये रहीं….

23वीं कड़ी : सम्यक प्रयत्न; बोल्ट ने ओलम्पिक में 115 सेकेंड दौड़ने के लिए जो श्रम किया, वैसा!

22वीं कड़ी : सम्यक आजीविका : ऐसा कार्य, आय का ऐसा स्रोत जो ‘सद्’ हो, अच्छा हो

21वीं कड़ी : सम्यक कर्म : सही क्या, गलत क्या, इसका निर्णय कैसे हो?

20वीं कड़ी : सम्यक वचन : वाणी के व्यवहार से हर व्यक्ति के स्तर का पता चलता है

19वीं कड़ी : सम्यक ज्ञान, हम जब समाज का हित सोचते हैं, स्वयं का हित स्वत: होने लगता है

18वीं कड़ी : बुद्ध बताते हैं, दु:ख से छुटकारा पाने का सही मार्ग क्या है

17वीं कड़ी : बुद्ध त्याग का तीसरे आर्य-सत्य के रूप में परिचय क्यों कराते हैं?

16वीं कड़ी : प्रश्न है, सदियाँ बीत जाने के बाद भी बुद्ध एक ही क्यों हुए भला?

15वीं कड़ी : धर्म-पालन की तृष्णा भी कैसे दु:ख का कारण बन सकती है?

14वीं कड़ी : “अपने प्रकाशक खुद बनो”, बुद्ध के इस कथन का अर्थ क्या है?

13वीं कड़ी : बुद्ध की दृष्टि में दु:ख क्या है और आर्यसत्य कौन से हैं?

12वीं कड़ी : वैशाख पूर्णिमा, बुद्ध का पुनर्जन्म और धर्मचक्रप्रवर्तन

11वीं कड़ी : सिद्धार्थ के बुद्ध हो जाने की यात्रा की भूमिका कैसे तैयार हुई?

10वीं कड़ी :विवादित होने पर भी चार्वाक दर्शन लोकप्रिय क्यों रहा है?

नौवीं कड़ी : दर्शन हमें परिवर्तन की राह दिखाता है, विश्वरथ से विश्वामित्र हो जाने की!

आठवीं कड़ी : यह वैश्विक महामारी कोरोना हमें किस ‘दर्शन’ से साक्षात् करा रही है? 

सातवीं कड़ी : ज्ञान हमें दुःख से, भय से मुक्ति दिलाता है, जानें कैसे?

छठी कड़ी : स्वयं को जानना है तो वेद को जानें, वे समस्त ज्ञान का स्रोत है

पांचवीं कड़ी : आचार्य चार्वाक के मत का दूसरा नाम ‘लोकायत’ क्यों पड़ा?

चौथी कड़ी : चार्वाक हमें भूत-भविष्य के बोझ से मुक्त करना चाहते हैं, पर क्या हम हो पाए हैं?

तीसरी कड़ी : ‘चारु-वाक्’…औरन को शीतल करे, आपहुँ शीतल होए!

दूसरी कड़ी : परम् ब्रह्म को जानने, प्राप्त करने का क्रम कैसे शुरू हुआ होगा?

पहली कड़ी :भारतीय दर्शन की उत्पत्ति कैसे हुई होगी?

सोशल मीडिया पर शेयर करें
Apni Digital Diary

Share
Published by
Apni Digital Diary

Recent Posts

जनगणना हो रही है, जनसंख्या बढ़ रही है और आंध्र में आबादी बढ़ाने वालों को ‘इनाम’!

देश में जनगणना होने वाली है। मतलब जनसंख्या कितनी है और उसका स्वरूप कैसा है,… Read More

17 hours ago

एक यात्रा, दो मुस्लिम ड्राइवर और दोनों की सोच….सूरत-ए-हाल गौरतलब!

अभी एक तारीख को किसी जरूरी काम से भोपाल से पन्ना जाना हुआ। वहाँ ट्रेन… Read More

3 days ago

सेवा-तीर्थ में ‘भारतीय भाषाओं’ की सेवा नहीं हुई, आगे शायद ही हो!! वीडियो से समझिए!

भारत के प्रधानमंत्री कार्यालय के नए परिसर का उद्घाटन 13 फरवरी 2026 को हुआ। इसे… Read More

6 days ago

भ्रष्ट-आचार अब एक शिष्ट-विचार, इसे खत्म करना मुश्किल, दो उदाहरणों से समझिए कैसे?

‘भ्रष्ट’ का अर्थ है- जब कोई अपने धर्म (कर्तव्य-पथ) से दूर हट जाए और ‘आचार’… Read More

7 days ago

ईस्ट इण्डिया कम्पनी फिर ‘दफन’, और ‘गुलाम-सोच’ लिखती है- “सूरज डूब गया”!

ऐसी सूचना है कि अंग्रेजों की ईस्ट इण्डिया कम्पनी फिर दिवालिया हो गई और उसका… Read More

1 week ago