पत्नी ओर बेटी के साथ दीपक। यह तस्वीर उन्होंने ख़ुद ही भेजी है।
दीपक गौतम, सतना मध्य प्रदेश
हे सखी
तुम्हें यह पत्र लिखते हुए मैं सिर्फ तुम्हें नहीं अपितु संसार की समस्त नारी शक्ति को ही सम्बोधित कर रहा हूँ, क्योंकि स्त्री होना बहुत कठिन है। मैं एक पुरुष होने के नाते यह दावे से कह सकता हूँ कि स्त्रियों को स्नेह, त्याग और समर्पण का जो वरदान प्रकृति से मिला है, वह अटूट है। मानो ईश्वर ने प्रेम के पौधे को निचोड़कर उसका सारा सार स्त्री में समेट दिया हो। मैं यह सिर्फ अपने स्वार्थ के वशीभूत होकर नहीं, बल्कि तुम्हारे अन्दर समाए करुणा, दया, स्नेह और प्रेम के बल पर कह रहा हूँ। मुझे यह लगता है कि पुरुष यदि थोड़ा और अधिक मनुष्यता की ओर बढ़ पाता है, तो वह सिर्फ और सिर्फ उसके जीवन में माँ, बहन, प्रेमिका, पत्नी और पुत्री के रूप में आई स्त्रियों के कारण ही हो पाता है।
प्रिय सखी
तुम सोच रही होगी कि पत्र की शुरुआत से ही मैं नारी शक्ति के गुणगान में लग गया हूँ, तो ऐसा बिल्कुल नहीं है। मैं एक आस्थावान व्यक्ति होने के नाते आदि शक्ति का ही उपासक हूँ। इसलिए मेरे लिए यह संस्कृत श्लोक (“यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः। यत्रैतास्तु न पूज्यन्ते सर्वास्तत्राफलाः क्रियाः” ) किसी वेद वाक्य से कम नहीं है। मैं वास्तव में इस श्लोक के अर्थ को जीवन में महसूस होते हुए देखता हूँ। इसलिए यह मानता हूँ कि जहाँ स्त्रियों का आदर और सम्मान होता है, वहाँ देवता निवास करते हैं और जहाँ स्त्रियों का सम्मान नहीं, वहां समृद्धि और खुशहाली के सभी द्वार बन्द हो जाते हैं। इसलिए मुझे यह लिखने में कोई हिचक नहीं है कि स्त्रियों के साथ लगातार हो रहे कदाचार के कारण ही किसी देश की प्रगति बाधित होती है। एक स्त्री ही है, जो जीवन पर्यन्त अपने सभी रूपों (माँ, बहन, सखी, प्रेमिका, पत्नी और पुत्री) में प्रेम और स्नेह की चाह के बिना भी सदैव अपने आँचल में सारा प्रेम समेटकर उड़ेलती रहती है। अपने बसे बसाए नीड़ को किसी चिड़िया की तरह छोड़कर एकदम नया संसार बसा लेने का सामर्थ्य सिर्फ स्त्री में ही है। पुरुष अपने माँ-बाप और कुटुम्ब को छोड़कर घर बसा लेने की कल्पना भी नहीं कर सकता। सच तो यही है कि पुरुष में स्त्री (माँ) के बिना अपने पैरों पर खड़े होने की भी क्षमता नहीं है।
मुझे यह कहते हुए तनिक भी संकोच नहीं है कि पुरुष को थोड़ा और अधिक मनुष्य होने के लिए स्त्रीत्व की ओर ही बढ़ना होगा। महान कथाकार मुंशी प्रेमचन्द जी ने कर्मभूमि में कहा है, “पुरुष में थोड़ी-सी पशुता होती है, जिसे वह इरादा करके भी हटा नहीं सकता। वही पशुता उसे पुरुष बनाती है। विकास के क्रम में वह स्त्री से पीछे है। जिस दिन वह पूर्ण विकास को पहुँचेगा, वह भी स्त्री हो जाएगा। वात्सल्य, स्नेह, कोमलता, दया, इन्हीं आधारों पर यह सृष्टि थमी हुई है और यह स्त्रियों के गुण हैं।” अब विकास के क्रम में कौन पीछे है और कौन आगे मैं इस बहस में नहीं पड़ना चाहता हूँ, लेकिन स्त्री होना वास्तव में कठिन है और यह बात मैं दावे से कह सकता हूँ। मैं पुरुष होने के नाते एक स्त्री के प्रेम में आसक्त होकर नहीं, बल्कि पूरे होश-ओ-हवास में यह कह रहा हूँ।
हे सखी
तुम सम्भवतः यह सोच रही होगी कि अचानक तुम्हें यह पत्र लिखने की क्यों सुझी? वास्तव में बड़े दिनों से मैं तुम्हें एक पत्र लिखना चाह रहा था, लेकिन किसी उचित अवसर की खोज में था। आज साल 2025 का करवा चौथ है। पतियों की लम्बी उम्र की कामना के लिए पत्नियाँ यह व्रत रखती हैं। यूँ तो तुम मेरे लिए पत्नी, प्रेमिका और सखी तीनों ही हो, लेकिन मैं सदैव तुम्हें एक सखी के रूप में ही देखता आया हूँ और आगे भी यही कोशिश होगी कि हम मित्रवत भाव से ही इस प्रेमपथ पर आगे बढ़ते रहें। बस, इसीलिए करवा चौथ के इस शुभ अवसर पर मैं तुम्हें अपने इन्हीं शब्दों को इस पत्र के बहाने उपहार स्वरूप समर्पित कर रहा हूँ, क्योंकि वास्तव में सिवाय शब्दों के कुछ भी नहीं मेरे पास। बीते सात वर्षों में जितनी करुणा, दया, स्नेह और प्रेम से तुमने मेरी सेवा की है, उतना कर पाना सम्भवतः मेरे लिए भी कठिन ही होगा। विशेष रूप से इस बार हुई दुर्घटना में दोनों हाथ और एक पैर बुरी तरह से टूट जाने के बाद जिस मानसिक और शारीरिक स्थिति से मैं गुजरा हूँ, उससे पार पाने में मैं व्यक्तिगत रूप से सक्षम नहीं था। वास्तव में यह तो तुम ही मेरी शक्ति बनकर मेरे साथ किसी चट्टान की तरह खड़ी थी, तभी यह सम्भव हो सका।
हे सखी
इस पत्र के लिखने का उद्देश्य सिर्फ इतना ही है कि जीवन बहुत छोटा है और मैं अक्सर यह महसूस करता हूँ। मौत करीब से आकर गुजर सी जाती है। मेरे साथ बीते तीन वर्षों से अचानक हुई दुर्घटनाओं को देखते हुए कभी-कभी यह लगता है कि तुमसे कुछ अनकहा न रह जाए। यूँ तो तुम मेरे मौन को भी पढ़ लेती हो, लेकिन कहते हैं न कि “वचनम् किम दरिद्रम्” तो फिर मैं भी भला बोलने में कंजूसी क्यों करूँ? बस इसीलिए मन के सारे भाव और अपना प्रेम निचोड़कर इन्हीं शब्दों में भर दिया है। तुम सोच रही होगी कि मैंने तुम्हारे निजी गुणों की कोई चर्चा इस पत्र में नहीं की है, तुम्हारे लिए कुछ और अधिक नहीं लिख रहा हूँ। यह पूरा का पूरा पत्र मैंने नारी शक्ति पर ही केन्द्रित कर दिया है, तो तुम्हें यह बता दूँ कि तुम्हारी निजता पर बात करने से अधिक यह अवसर स्त्री पर बात करने का ही था। क्योंकि मैं यह मानता हूँ कि तुमने अब तक जो भी किया है, वह सिर्फ पत्नी होने के नाते नहीं बल्कि स्त्री होने के नाते किया है। अतएव यह पत्र नारी शक्ति को सम्बोधित करते हुए उसी को समर्पित करना मुझे अधिक श्रेयस्कर जान पड़ता है। इसीलिए मेरे अंदर से उपजते मनोभावों को कलमबद्ध कर दिया है। इसीलिए मैं यह पत्र नारी शक्ति को केन्द्र में रखकर लिख रहा हूँ। पुरुष को सरल, सहज और विनम्र होने के साथ-साथ अपनी पशुता से पार पाने के लिए स्त्रीत्व की ओर भी बढ़ना चाहिए, ताकि थोड़ा प्रेम, करुणा, त्याग, दया और समर्पण के भाव उसके मन की मिट्टी में भी तेजी से उपज सकें।
हे सखी
मुझे गहरे तक यह बोध है कि स्त्रीत्व पाकर ही वास्तव में मनुष्यता की ओर बढ़ा जा सकता है, क्योंकि प्रकृति ने सृजन का सबसे बड़ा वरदान सिर्फ स्त्री को ही दिया है। यदि पुरुष में स्त्रियों जितनी करुणा, दया और प्रेम पनप जाता है, तो वह महानता की ओर अग्रसर हो जाते हैं। मुझे महानता की कोई चाह नहीं है, किन्तु मैं मनुष्यता की ओर बढ़ते रहना चाहता हूँ। बस, इसीलिए मैं स्त्रीत्व पाना चाहता हूँ।
प्रिय सखी
मेरे कम कहे को अधिक समझना। हम जिस प्रेम की डोर में बँधे हुए यहाँ तक चले आए हैं, जीवन जब तक शेष है, यह महीन रेशों की डोर यूँ ही मजबूत बनी रहे, इसकी सदैव कोशिश करना। शेष अगले पत्र में। तुम्हें ढेर सारा प्यार।
– तुम्हारा सखा
——–
(दीपक मध्यप्रदेश के सतना जिले के गाँव जसो में जन्मे हैं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से 2007-09 में ‘मास्टर ऑफ जर्नलिज्म’ (एमजे) में स्नातकोत्तर किया। मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र में लगभग डेढ़ दशक तक राजस्थान पत्रिका, दैनिक भास्कर, राज एक्सप्रेस और लोकमत जैसे संस्थानों में कार्यरत रहे। साथ में लगभग डेढ़ साल मध्यप्रदेश माध्यम के लिए रचनात्मक लेखन भी किया। इन दिनों स्वतंत्र लेखन करते हैं। बीते 15 सालों से शहर-दर-शहर भटकने के बाद फिलवक्त गाँव को जी रहे हैं। बस, वहीं अपनी अनुभूतियों को शब्दों के सहारे उकेर देते हैं। उन उकेरी अनुभूतियों काे #अपनीडिजिटलडायरी के साथ साझा करते हैं, ताकि वे #डायरी के पाठकों तक भी पहुँचें। यह पत्र भी उन्हीं प्रयासों का हिस्सा है।)
——-
इसी तरह के पिछले पत्र
4 – भांजी के नाम पत्र : जीवन की निर्ममता से पार पाने के लिए अपनी हँसी को बनाए रखना होगा
3 – मेरे प्रिय अभिनेताओ, मैं जानता हूँ, कुछ चिट्ठियों के ज़वाब नहीं आते, पर ये लिखी जाती रहेंगी!
2- सुनो सखी…, मैं अब मरना चाहता हूँ, मुझे तुम्हारे प्रेम से मुक्ति चाहिए
1- चिट्ठी, गुमशुदा भाई के नाम : यार, तुम आ क्यों नहीं जाते, कभी-किसी गली-कूचे से निकलकर?
देश में जनगणना होने वाली है। मतलब जनसंख्या कितनी है और उसका स्वरूप कैसा है,… Read More
जय जय श्री राधे Read More
अभी एक तारीख को किसी जरूरी काम से भोपाल से पन्ना जाना हुआ। वहाँ ट्रेन… Read More
भारत के प्रधानमंत्री कार्यालय के नए परिसर का उद्घाटन 13 फरवरी 2026 को हुआ। इसे… Read More
‘भ्रष्ट’ का अर्थ है- जब कोई अपने धर्म (कर्तव्य-पथ) से दूर हट जाए और ‘आचार’… Read More
ऐसी सूचना है कि अंग्रेजों की ईस्ट इण्डिया कम्पनी फिर दिवालिया हो गई और उसका… Read More