IAS-wedding

विवाह पर लाखों खर्च करने वालों के लिए तेलंगाना के ये आईएएस-आईपीएस मिसाल हैं!

टीम डायरी

भारत में शादियों का मौसम शुरू हो चुका है। देश के लगभग सभी समुदायों में विवाह सामाजिक प्रतिष्ठा का विषय होता है। इस प्रतिष्ठा के लिए प्रतिस्पर्धा इस बात की होती है कि कौन कितनी महँगी शादी करता है। कितना पैसा खर्च करता है। कितना तामझाम दिखाता है। लोगों की सोच के लिए पूरा बाजार तैयार होता है, जो हर कदम पर ऐसा करने वालों के लिए सहयोग करने और बदले में अपना मुनाफा काटने के लिए मुँह बाए खड़ा रहता है।

ऐसे में अगर कोई सक्षम दंपति बेहद सादगी से विवाह करे तो उसका सुर्खियों में आना लाजिम है। तिस पर भी अगर वह दंपति भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) तथा भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) से जुड़े हों, तो और भी। तेलंगाना में ऐसा ही एक मामला सामने आया है। सूर्यापेट जिले में चौटुअप्पल के विवाह पंजीकरण कार्यालय में शनिवार, 24 जनवरी को एक दंपति जब पंजीकृत शादी करने के लिए पहुँचा तो वहाँ मौजूद सभी लोग उसके सम्मान में खड़े हो गए। इसलिए नहीं कि वे आईएएस और आईपीएस हैं। बल्कि इसलिए कि इतने बड़े पदों पर होने और पैसों के मामले में कोई कमी न होने के बावजूद उन्होंने बेहद सादगी से पंजीकरण कार्यालय में विवाह का विकल्प चुना।

आईपीएस शेषाद्रिणी रेड्‌डी इस वक्त कुतबुल्लापुर में पुलिस उपायुक्त हैं। मूल् रूप से लिंगारेड्‌डीगुडम की रहने वाली हैं। जबकि आईएएस श्रीकांत रेड्‌डी कड़प्पा के हैं और अभी प्रशासनिक सेवा का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इन दोनों के अपने-अपने परिवारवालों, मित्रों ओर कुछ वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में पंजीकृत विवाह किया। इस दौरान विवाह पंजीयन अधिकारी (मैरिज रजिस्ट्रार) के सामने रजिस्टर में दस्तखत किए। एक-दूसरे के गले में मालाएँ पहनाईं। विवाह का प्रमाण पत्र लिया और हो गई शादी। निश्चित रूप से इसके बाद भोज, आदि भी हुआ होगा। लेकिन बस, इतना ही। इस तरह उन्होंने समाज में खर्चीली शादियाँ करने वालों के लिए अदद मिसाल पेश की है।

हालाँकि, ऐसे ऊँचे पदों पर बैठे लोगों द्वारा इस तरह सादगी से विवाह करने का यह कोई पहला मामला नहीं है। लेकिन उल्लेखनीय तो जरूर है और स्वागतयोग्य भी। अलबत्ता, यह दंपति अधिक प्रशंसनीय तब कहा जाएगा, जब वह अपने सरकारी सेवा के आगामी कालखण्ड में भी मितव्यवयता, सादगी और ईमानदारी का यही आचरण कायम रखे, सम्मान प्राप्त करे और अन्य तमाम ‘भ्रष्ट अधिकारियों’ के सामने एक बड़ी नजीर पेश करता रहे!

सोशल मीडिया पर शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *