सांकेतिक तस्वीर
टीम डायरी
कुछ तारीखें हमेशा याद रखने के लिए होती हैं। ऐसी ही एक तारीख 12 जुलाई। साल 2028 की 12 जुलाई। पूरे 128 साल बाद उस रोज ओलम्पिक में क्रिकेट का खाता फिर से खुलने वाला है। अमेरिका के लॉस एंजिलिस में होने वाले ओलम्पिक में क्रिकेट को न सिर्फ शामिल किया गया है, बल्कि होने वाले मैचों का कार्यक्रम भी जारी कर दिया गया है। निश्चित ही क्रिकेटप्रेमियों के लिए यह एक बड़ी सूचना है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार ओलम्पिक-2028 में क्रिकेट के मुकाबले 12 जुलाई से शुरू हो जाएँगे। जबकि पदकों के लिए मुकाबले 20 से 29 जुलाई 2028 के बीच खेले जाएँगे। हर दिन दो मुकाबले होंगे। स्थानीय समय के अनुसार, पहला मुकाबला सुबह 9.00 बजे से और दूसरा शाम 6.30 बजे से। सभी मुकाबले एक ही मैदान पर होंगे। लॉस एंजिलिस से करीब 50 किलोमीटर दूर पोमोना शहर के फेयरग्राउण्ड स्टेडियम में अस्थायी रूप से क्रिकेट के मुकाबलों के लिए जरूरी इंतजाम किए जाएँगे।
ओलम्पिक में क्रिकेट के मुकाबले टी-20 स्वरूप में ही होंगे। इनमें पुरुष और महिला वर्ग की छह-छह टीमें हिस्सा लेंगे। हर टीम में 15 खिलाड़ियों को शामिल करने की अनुमति होगी। यानि कुल 180 क्रिकेट खिलाड़ी ओलम्पिक में पदक के लिए संघर्ष करते हुए नजर आएँगे। यहाँ यह भी बताते चलें कि ओलम्पिक में पहली बार क्रिकेट साल 1900 में हुआ था। सिर्फ दो टीमें खेली थीं। ब्रिटेन और फ्रांस। दो दिन का मुकाबला था। ब्रिटेन से फ्रांस को हराकर स्वर्ण पदक जीता था।
इसके बाद से क्रिकेट ओलम्पिक में शामिल नहीं किया गया। हालाँकि 2010, 2014 और 2023 के एशियाई खेलों में पुरुष और महिला दोनो वर्गों में क्रिकेट की टीमें शामिल रहीं। इंग्लैण्ड के बर्मिंघम में 2022 के राष्ट्रमण्डल खेलों में भी महिला क्रिकेट ने मौजूदगी दर्ज कराई। अमेरिका में भी क्रिकेट लोकप्रिय हो रहा है। साल 2024 के टी-20 विश्व कप की तो मेजबानी भी वेस्टइण्डीज के साथ अमेरिका ने की थी।
तो बस, तैयार रहिए और प्रतीक्षा कीजिए 12 जुलाई 2028 की।
देश में जनगणना होने वाली है। मतलब जनसंख्या कितनी है और उसका स्वरूप कैसा है,… Read More
जय जय श्री राधे Read More
अभी एक तारीख को किसी जरूरी काम से भोपाल से पन्ना जाना हुआ। वहाँ ट्रेन… Read More
भारत के प्रधानमंत्री कार्यालय के नए परिसर का उद्घाटन 13 फरवरी 2026 को हुआ। इसे… Read More
‘भ्रष्ट’ का अर्थ है- जब कोई अपने धर्म (कर्तव्य-पथ) से दूर हट जाए और ‘आचार’… Read More
ऐसी सूचना है कि अंग्रेजों की ईस्ट इण्डिया कम्पनी फिर दिवालिया हो गई और उसका… Read More