केन्द्रीय मंत्री रामविलास पासवान का निधन, पाँच सूचनाएँ

टीम डायरी, 8/10/2020

केन्द्र सरकार में उपभोक्ता मामलों के मंत्री रामविलास पासवान का निधन हो गया है। वे 74 साल के थे। गुरुवार, आठ अक्टूबर को उन्होंने दिल्ली के एक निजी अस्पताल में अन्तिम सॉंस ली। कुछ दिनों पहले ही उनके दिल की शल्य चिकित्सा (Operation) हुई थी। पासवान के निधन की उनके पुत्र और लोकजनशक्ति पार्टी के प्रमुख चिराग पासवान ने पुष्टि की है। रामविलास पासवान पहली बार 1989 में केन्द्र में मंत्री बने थे। तब प्रधानमंत्री विश्वनाथ प्रताप सिंह की सरकार बनी थी। इसके बाद पासवान केन्द्र की लगभग हर सरकार में मंत्री रहे। उन्होंने विभिन्न दलों के छह प्रधानमंत्रियों के साथ काम किया। उन्हें ‘राजनीति का मौसम विज्ञानी’ कहा जाता था क्योंकि वे सियासी हवा का रुख भाँपकर पहले ही तय कर लेते थे कि उन्हें किस दल के साथ रहना है। कई बार तो उनके साथ आने के आधार पर यह अनुमान लगाया जाने लगता था कि केन्द्र में अमुक दल की सरकार बन सकती है। वे 2014 में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबन्धन का हिस्सा बने थे। उसके बाद से अब तक उसी के साथ थे और इत्तिफाक से लगातार दो बार केन्द्र में भाजपा की सरकार भी बनी और पासवान मंत्री। 

रूस में विकसित कोरोना की दवा का भारत में अभी परीक्षण नहीं

रूस में विकसित कोरोना की दवा ‘स्पूतनिक-व्ही’ (Sputnik-v) का विस्तृत परीक्षण भारत में अभी नहीं होगा। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन की ओर से जानकारी दी गई कि अभी इस बारे में सरकार ने कोई अन्तिम निर्णय नहीं लिया है। दवा निर्माता कम्पनी डॉक्टर रेड्‌डी ‘स्पूतनिक-व्ही’ का भारत में परीक्षण करना चाहती थी। लेकिन भारत के औषधि महानियंत्रक ने इसकी अनुमति देने से फिलहाल इंकार कर दिया है। इस दवा को लेकर विवाद की स्थिति भी है क्योंकि विस्तृत परीक्षण के बिना ही रूस में इसका उत्पादन शुरू हो गया है। इसकी खुराक लोगों को भी दी जा रही है। 

अमेरिकी कवयित्री  लुईस ग्लक को साहित्य का नोबेल पुरस्कार

अमेरिका की कवयित्री लुईस ग्लक को 2020 का साहित्य का नोबेल पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। लुईस ग्लक समसामयिक लेखन के लिए जानी जाती हैं। उनकी साहित्यिक रचनाओं के केन्द्र में ‘बचपन, पारिवारिक जीवन, नज़दीकी सम्बन्ध, माता-पिता, भाई-बहन’ जैसे विषय होते हैं। येल विश्वविद्यालय में शिक्षक 77 वर्षीय ग्लक ने 1968 में पहली साहित्यिक लेखन के क्षेत्र में पदार्पण किया था। उस समय उनकी रचना ‘फर्स्टबॉर्न’ (Firstborn) प्रकाशित हुई थी। 

कोरोना संक्रमण के लिए चीन को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने खुली धमकी दी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने चीन को खुली धमकी दी है। उन्होंने कहा है, “दुनिया में अभी जो हो रहा (कोरोना संक्रमण) है, वह आपकी (जनता की) गलती नहीं है। यह चीन की गलती है। चीन ने इस देश (अमेरिका) और दुनिया के साथ जो किया है, उसे इसकी बड़ी कीमत चुकानी होगी।” उन्होंने एक वीडियो सन्देश के जरिए चीन के लिए यह चेतावनी भरा बयान जारी किया है। इस तरह की सूचनाएँ लगातार आ चुकी हैं कि कोरोना का विषाणु चीन के वुहान शहर की एक प्रयोगशाला में बनाया गया था। यह वहीं से पिछले साल के आख़िर में पूरी दुनिया में फैला। यह अब तक विश्वभर में 10 लाख 54 हजार से ज्यादा लोगों की जान ले चुका है। दुनिया में इससे तीन करोड़ 60 लाख से अधिक लोग संक्रमित हो चुके हैं। अमेरिका की हालत सबसे खराब है। वहाँ दो लाख 11 हजार से अधिक लोग मारे जा चुके हैं। जबकि 75 लाख से अधिक संक्रमित हो चुके हैं।

रूस ने आवाज से नौ गुना तेज रफ़्तार वाली मिसाइल का परीक्षण किया 

रूस ने गुरुवार, आठ अक्टूबर को आवाज से नौ गुना तेज रफ़्तार (hypersonic) वाली मिसाइल का सफल परीक्षण किया है। इस मिसाइल का नाम ‘ज़िरकॉन’ (Zircon) है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के अनुसार यह मिसाइल 1,000 किलोमीटर तक मार कर सकती है। इसे सेना और नौसेना दोनों इस्तेमाल कर सकती हैं। 

सोशल मीडिया पर शेयर करें
Apni Digital Diary

Share
Published by
Apni Digital Diary

Recent Posts

जनगणना हो रही है, जनसंख्या बढ़ रही है और आंध्र में आबादी बढ़ाने वालों को ‘इनाम’!

देश में जनगणना होने वाली है। मतलब जनसंख्या कितनी है और उसका स्वरूप कैसा है,… Read More

16 hours ago

एक यात्रा, दो मुस्लिम ड्राइवर और दोनों की सोच….सूरत-ए-हाल गौरतलब!

अभी एक तारीख को किसी जरूरी काम से भोपाल से पन्ना जाना हुआ। वहाँ ट्रेन… Read More

3 days ago

सेवा-तीर्थ में ‘भारतीय भाषाओं’ की सेवा नहीं हुई, आगे शायद ही हो!! वीडियो से समझिए!

भारत के प्रधानमंत्री कार्यालय के नए परिसर का उद्घाटन 13 फरवरी 2026 को हुआ। इसे… Read More

6 days ago

भ्रष्ट-आचार अब एक शिष्ट-विचार, इसे खत्म करना मुश्किल, दो उदाहरणों से समझिए कैसे?

‘भ्रष्ट’ का अर्थ है- जब कोई अपने धर्म (कर्तव्य-पथ) से दूर हट जाए और ‘आचार’… Read More

7 days ago

ईस्ट इण्डिया कम्पनी फिर ‘दफन’, और ‘गुलाम-सोच’ लिखती है- “सूरज डूब गया”!

ऐसी सूचना है कि अंग्रेजों की ईस्ट इण्डिया कम्पनी फिर दिवालिया हो गई और उसका… Read More

1 week ago